हल्द्वानी में बर्थडे पार्टी के दौरान चलती कार से गिरा युवक, तड़पता छोड़ भागे दोस्त: अस्पताल में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार देर रात दोस्तों के साथ जन्मदिन का जश्न मना रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार से गिरकर मौत हो गई। दर्दनाक पहलू यह रहा कि हादसे के बाद दोस्त उसे अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क किनारे तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान काठगोदाम के तुलसी नगर (पाली सीट) निवासी 21 वर्षीय पुष्कर कोहली के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल बस में कंडक्टर था। घटना के कुछ समय पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चारों दोस्त कार के भीतर घूम-घूमकर शराब पीते और स्नैपचैट पर वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। परिजनों ने पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और कार सवार दोस्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटनाक्रम के अनुसार, पुष्कर गुरुवार देर शाम अपने चार दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने निकला था। चारों दोस्त कार में सवार होकर क्षेत्र में घूम-घूमकर पार्टी कर रहे थे और देर रात करीब 3 बजे तक नशे की हालत में वीडियो बनाते रहे। काठगोदाम की ओर लौटते समय जमरानी कॉलोनी (पनचक्की) के पास पुष्कर अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार के दरवाजे से नीचे सड़क पर जा गिरा। दोस्तों का दावा है कि अचानक दरवाजा खुलने से पुष्कर नीचे गिरा, लेकिन पुलिस के डर से उन्होंने घायल दोस्त की मदद नहीं की और उसे सड़क पर तड़पता छोड़ कार समेत भाग खड़े हुए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची काठगोदाम पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पुष्कर को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

