हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष हिरासत में: दुष्कर्म का है आरोप, पुलिस कार्रवाई के दौरान पीया संदिग्ध पदार्थ, हायर सेंटर रेफर

खबर शेयर करें -

नैनीताल:

नैनीताल जिले के भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोपों में पुलिस ने देर रात उनके भवाली स्थित आवास से हिरासत में ले लिया है। नैनीताल, भवाली और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान भारी हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने पहले फेसबुक लाइव किया और फिर अचानक किसी संदिग्ध/जानलेवा पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे बीडी पांडे चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

युवती के बयानों के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की एक युवती ने व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने हाल ही में जिला न्यायालय में पीड़िता के ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता’ (BNSS) की धारा 183 (पूर्व में सीआरपीसी की धारा 164) के तहत बयान दर्ज कराए थे। बयान दर्ज होने और पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस की संयुक्त टीम देर रात आरोपी को हिरासत में लेने उसके घर पहुंची थी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में सुशासन की नई मिसाल: 60 वर्ष की आयु होते ही पात्रों को स्वतः मिलेगी वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री धामी के सख्त निर्देश

इससे पहले, पुलिस ने नरेश पांडे से करीब 24 घंटे तक पूछताछ कर उसे छोड़ दिया था, जिसके बाद आरोपी ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से उसे राहत नहीं मिली। इसके बाद आरोपी ने हाईकोर्ट की शरण ली थी, जहां मामला अभी विचाराधीन है।

फेसबुक लाइव कर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

गिरफ्तारी से ठीक पहले नरेश पांडे ने अपने घर की बालकनी से फेसबुक लाइव शुरू कर दिया और लोगों से मदद की अपील की। लाइव वीडियो में उसने दावा किया कि पुलिस बिना वारंट के उसे पकड़ने आई है। आरोपी ने पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता की, उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके पिता, भाई व बेटे के साथ भी बदसलूकी की। नरेश ने यह भी दावा किया कि पीड़िता ने धारा 164 के बयान उसके पक्ष में दिए हैं। इसी लाइव के दौरान उसने कोई जानलेवा पदार्थ पी लिया और वीडियो अचानक बंद हो गया, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे अपने कब्जे में लिया।

यह भी पढ़ें 👉  डंपर की चपेट में आने से 22 वर्षीय अभिषेक की दर्दनाक मौत, बहनों के सिर से उठा भाई का साया

गंभीर धाराओं में वांछित है आरोपी: एसएसपी

इस पूरे घटनाक्रम और हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।

“नरेश पांडे के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और गर्भपात कराने जैसे बेहद गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज है। वह इस मामले में नामजद और वांछित आरोपी है। विवेचना के दौरान मिले महत्वपूर्ण और ठोस साक्ष्यों के आधार पर ही पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम उसे लेने गई थी। मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष और विधिक प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।”

मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल