बैडमिंटन खेलते-खेलते बच्चों में हुई कहासुनी ने लिया खूनी रूप,नाबालिग ने नाबालिग के सीने में घोंपा चाकू, 12 वर्षीय मासूम ईशान की मौत

खबर शेयर करें -

 

 

 

राजू अनेजा काशीपुर/जसपुर। बच्चों के बीच बैडमिंटन खेलने को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक मासूम की जान चली गई। गुस्से में आए नाबालिग ने दूसरे नाबालिग के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान ने काशीपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी नाबालिग और उसका चाचा का परिवार फरार बताया जा रहा है। घटना से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।

 

खेल के दौरान हुआ विवाद, गुस्से में सीने पर कर दिया चाकू से वार

 

 

घटना सोमवार दोपहर करीब तीन बजे जसपुर बाजार चौकी क्षेत्र के मोहल्ला लकड़ी मंडी की है। मोहल्ला निवासी तसलीम का छोटा बेटा मोहम्मद ईशान घर के पास ही एक अन्य नाबालिग के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। बताया गया कि खेल के दौरान किसी बात को लेकर दोनों बच्चों में कहासुनी हो गई।

 

कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी बच्चे ने कथित तौर पर चाकू निकाल लिया और ईशान के सीने में घोंप दिया। अचानक हुए हमले से ईशान लहूलुहान हो गया। आरोपी मौके से निकल गया, जबकि घायल ईशान खून रोकने की कोशिश करते हुए पास की एक दुकान के बाहर जाकर बैठ गया।

 

भाई ने देखा तो उड़ गए होश, खून से लथपथ मिला ईशान

 

 

इसी दौरान ईशान का बड़ा भाई फैजान वहां पहुंचा। भाई को खून से लथपथ देखकर उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम धामी ने दिखाई मानवीय संवेदनशीलता: खटीमा के बीमार मासूम देव का पूरा इलाज कराएगी सरकार, टिक्की खाने दुकान पर पहुंचे सीएम से पिता ने रोते हुए बताई थी व्यथा

 

परिजन बिना देर किए ईशान को बाइक से सिंघल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर काशीपुर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी हालत नहीं संभली। उपचार के दौरान ईशान ने दम तोड़ दिया।

 

मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम

 

 

ईशान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही जसपुर कोतवाली प्रभारी राजेश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर मोर्चरी भेज दिया। रात में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव स्वजन को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर जसपुर विधायक आदेश चौहान भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर घटना पर गहरा दुख जताया।

 

आरोपी भी नाबालिग, परिवार समेत हुआ फरार

 

 

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना में चाकू से हमला करने वाला बच्चा भी नाबालिग है। घटना के बाद से आरोपी और उसके चाचा का परिवार फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी के अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना की परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  पैतृक गांव करासमाफ़ी में जोशी परिवार ने किया पौधरोपण: जयंतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रोपे पौधे, पर्यावरण संरक्षण और जड़ों से जुड़ने का दिया संदेश

 

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी।

 

तीन साल पहले पिता की मौत, चाचा के परिवार पर थी जिम्मेदारी

 

 

मोहल्लेवासियों के अनुसार आरोपी बच्चे के पिता की करीब तीन साल पहले कैंसर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद उसकी और उसकी मां की जिम्मेदारी चाचा के परिवार पर थी।

 

लोगों के मुताबिक पिता की मौत के बाद से ही आरोपी बच्चा स्कूल नहीं जाता था। मोहल्लेवासियों का कहना है कि वह अक्सर आक्रोशित नजर आता था।

 

पहले भी मारपीट का आरोप, तीन दिन से चाकू लेकर घूम रहा था बच्चा

 

 

मृतक के चचेरे भाई अमन ने आरोप लगाया कि आरोपी बच्चा पहले भी मोहल्ले के एक बच्चे के साथ मारपीट कर चुका है। अमन के अनुसार पिछले तीन दिनों से आरोपी अपने साथ एक छोटा चाकू लेकर घूम रहा था।

 

उसका आरोप है कि आरोपी मोहल्ले में लगी फ्लैक्सी और दुकानों के बाहर रखे कट्टे आदि पर भी चाकू से वार कर उन्हें क्षतिग्रस्त करता था। मोहल्ले के लोगों ने कई बार उसे डांटा और उसके परिवार से शिकायत भी की, लेकिन कथित तौर पर कोई असर नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  भाजपा असामाजिक तत्वों को दे रही संरक्षण, संविधान की रक्षा करने वालों पर कार्रवाई और संविधान का अपमान करने वालों पर खामोशी क्यों?- अलका पाल

अब इसी चाकू से हुए हमले में 12 वर्षीय ईशान की जान चले जाने से मोहल्ले के लोग भी सकते में हैं।

 

कक्षा सात का छात्र था ईशान, पढ़ाई में था होशियार

 

 

परिजनों के अनुसार मोहम्मद ईशान कक्षा सात में पढ़ता था। वह पढ़ाई में काफी होशियार था। परिवार में छोटा होने के कारण वह सभी का लाडला था। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि दोस्तों के साथ खेलते हुए शुरू हुआ एक मामूली विवाद उसकी जिंदगी का आखिरी पल बन जाएगा।

ईशान का बड़ा भाई फैजान भी पढ़ाई करता है। उसके पिता तसलीम हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

मामूली विवाद से खूनी वारदात तक पहुंचा मामला

 

 

घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बच्चों के बीच बढ़ते आक्रोश और हाथों में चाकू जैसे हथियार पहुंचने को लेकर परिवार और समाज को कितनी गंभीरता से सतर्क रहने की जरूरत है। जिस विवाद की शुरुआत बच्चों के खेल से हुई, उसका अंत एक मासूम की मौत के साथ हुआ। पुलिस अब आरोपी नाबालिग और घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच में जुटी है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad