
दिल्ली और पुणे में भी दर्ज हैं शिकायतें, आईडीबीआई खाते से 4.50 लाख की निकासी के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
राजू अनेजा,काशीपुर। कटोराताल चौकी पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक संदिग्ध बैंक खाते का खुलासा करते हुए काशीपुर निवासी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते से लाखों रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। खाते के तार दिल्ली और महाराष्ट्र के साइबर धोखाधड़ी मामलों से भी जुड़े मिले हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल की जांच में खुली संदिग्ध खाते की परतें
कटोराताल चौकी प्रभारी एसआई मीना रावत ने बताया कि 20 जुलाई को साइबर सेल से प्राप्त संदिग्ध चेक की जांच के लिए वह आईडीबीआई बैंक पहुंचीं। बैंक से मिली जानकारी में पता चला कि एनसीआरपी पोर्टल से संबंधित बैंक खाता कचनालगाजी निवासी लखविंदर सिंह के नाम पर संचालित है। जांच में यह भी सामने आया कि 25 फरवरी 2026 को इसी खाते से 4.50 लाख रुपये की निकासी की गई थी।
देश के दो राज्यों में पहले से दर्ज हैं शिकायतें
पुलिस जांच में पता चला कि इस बैंक खाते के संबंध में थाना साइबर पुलिस स्टेशन वेस्ट जिला, दिल्ली तथा समर्थ पुलिस स्टेशन, पुणे (महाराष्ट्र) में भी शिकायतें दर्ज हैं। इससे यह आशंका और मजबूत हो गई कि खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी के नेटवर्क में किया जा रहा था।
छह माह में लाखों का लेनदेन, कई लोगों से ठगी का शक
एसआई मीना रावत ने बताया कि खाते की पिछले छह माह की ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालने पर लाखों रुपये का लेनदेन सामने आया। जांच में यह भी पाया गया कि 6 नवंबर 2025 को खाते में 10 हजार रुपये का एक विवादित ट्रांजेक्शन हुआ था, जिसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज है। फिलहाल खाते में 9,955.10 रुपये होल्ड हैं तथा 10 हजार रुपये लीन अमाउंट के रूप में ब्लॉक किए गए हैं।
बीएनएस की धारा 318(2) में मुकदमा, एसआई गिरीश आर्य करेंगे जांच
प्रथम दृष्टया बैंक खाते का इस्तेमाल विभिन्न लोगों से धोखाधड़ी कर धनराशि प्राप्त करने के लिए किए जाने के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी लखविंदर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना एसआई गिरीश चंद्र आर्य को सौंपी गई है। पुलिस अब पूरे ट्रांजेक्शन नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

