भालू का आतंक: पोखरी में दो महिलाओं पर किया हमला, एक की मौके पर ही मौत, दूसरी गंभीर घायल
पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड अंतर्गत नेल ग्राम पंचायत के सिदेली तोक में भालू के खौफनाक हमले से हड़कंप मच गया है। जंगल की ओर गई दो महिलाओं पर भालू ने अचानक हमला बोल दिया, जिससे बचने के लिए दौड़ते समय चट्टान से नीचे गिरने के कारण 56 वर्षीया विमला देवी पत्नी चंद्रशेखर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, भालू के हमले में दूसरी महिला लक्ष्मी देवी पत्नी गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला का रेस्क्यू किया और पुलिस व वन विभाग को सूचित किया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और प्रभावित परिवार की सहायता में जुटी है। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे नेल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भालू की मौजूदगी को लेकर भारी दहशत का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी वाले इलाकों में गश्त तुरंत बढ़ाने, भालू को पकड़ने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की पुरजोर मांग की है।

