बेतालघाट में बड़ा हादसा: मॉकड्रिल देखने आ रहा युवक कोसी नदी के तेज बहाव में बहा, SDRF ने निकाला शव, क्षेत्र में हड़कंप

बेतालघाट/गरमपानी: बेतालघाट ब्लॉक के अंतर्गत शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी के समीप एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ कोसी नदी पार स्थित सिमलखा गांव का एक 17 वर्षीय युवक नदी पार करते समय अचानक अपना संतुलन खो बैठा और नदी के तेज बहाव में बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को काली पहाड़ी के पास पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) समेत तमाम विभागों के अधिकारी आपदा प्रबंधन को लेकर एक मॉकड्रिल में जुटे हुए थे। इस दौरान राहत व बचाव कार्यों के प्रदर्शन और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के लिए टेंट लगाकर एक अस्थाई राहत केंद्र भी स्थापित किया गया था। इसी बीच सिमलखा गांव निवासी विशाल सिंह (17) पुत्र आनंद सिंह अपने गांव से इसी मॉकड्रिल को देखने के लिए घर से रवाना हुआ था।
मॉकड्रिल स्थल तक पहुँचने के लिए जब विशाल कोसी नदी को पार कर रहा था, तभी अचानक पानी के तेज वेग के कारण वह अपना संतुलन खो बैठा और नदी में बहने लगा। युवक को बहता देख और मौके पर मचे हो-हल्ला को सुनकर मॉकड्रिल में मौजूद एसडीआरएफ के जवान तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े और आनन-फानन में एक सघन रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब आठ सौ मीटर नीचे की ओर बह चुके युवक को नदी से बामुश्किल बाहर निकाला। उसे तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी भिजवाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आपदा से निपटने की तैयारी (मॉकड्रिल) के दौरान ही असल जिंदगी में घटी इस वास्तविक और दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मृतक के परिजनों सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

