विश्वकर्मा जयंती पर भक्तिमय रहा नैनीताल आंचल दुग्ध संघ प्लांट परिसर, सुंदरकांड, हवन-यज्ञ और आरती से गूंजी दुग्धशाला

लालकुआं। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के लालकुआं स्थित दुग्धशाला प्लांट परिसर में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा जयंती का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सुंदरकांड पाठ की भक्तिमय गूंज, हवन-यज्ञ की पवित्र आहुतियों और भगवान विश्वकर्मा के जयकारों से संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम के दौरान प्लांट में स्थापित सभी मशीनों व तकनीकी उपकरणों का विधि-विधान से पूजन किया गया। संघ के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से मशीनों के सुचारु संचालन, कार्यक्षेत्र में सफलता तथा आंचल दुग्ध संघ की निरंतर उन्नति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मशीनरी पूजन के बाद हुआ सुंदरकांड और हवन, प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ आयोजन
सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद आयोजित हवन-यज्ञ में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आहुतियां दीं, जिसके उपरांत भगवान विश्वकर्मा की महाआरती संपन्न हुई। आरती के बाद सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी यांत्रिक राजू दुमका, प्रभारी उत्पादन उमेश सिंह राणा, दिनेश चंद्र जोशी, विनोद सुनाल, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, पुष्पा तिवाड़ी, अंजू कांडपाल, बबीता सहित भारी संख्या में दुग्ध संघ के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

