बछड़े को बचाते समय बड़ा हादसा: नहर के तेज बहाव में बहने से महिला की मौत, 5 किलोमीटर दूर मिला शव
पिथौरागढ़/डडेलधुरा (नेपाल)। भारत सीमा से लगे नेपाल के डडेलधुरा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ अपने बछड़े को बचाने के प्रयास में एक 45 वर्षीय महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह गधेरे के तेज बहाव वाली नहर में जा गिरी। बहने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चलाए गए व्यापक खोज एवं बचाव अभियान के बाद पुलिस ने महिला का शव बरामद कर लिया है।
बछड़े को वापस भगाने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परशुराम नगरपालिका के वार्ड-12 (लालढुंगा) निवासी डडेलधुरा की डंबरी नाथ (45 वर्ष) अपनी भैंस चराने के लिए नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान उनके साथ गया बछड़ा अचानक पहाड़ी से नीचे बहती नदी की ओर जाने लगा। बछड़े को खतरे से बचाने और वापस हांकने के प्रयास में महिला का पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह रंगुन गधेरे में बहने वाली तेज बहाव की नहर में जा गिरीं।
5 किलोमीटर दूर मिला शव, परिवार में पसरा मातम
महिला को तेज बहाव में बहते देख स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत नेपाल प्रहरी को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रहरी कार्यालय डडेलधुरा के प्रहरी उप निरीक्षक वरुण बहादुर सिंह के नेतृत्व में नेपाल प्रहरी, सशस्त्र प्रहरी बल (APF) और स्थानीय निवासियों की संयुक्त टीमों ने खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर ‘बसगोईरा’ नामक स्थान से डंबरी नाथ का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया व पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस दुखद हादसे के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।


