रक्षाबंधन पर मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: एसडीएम के नेतृत्व में सुल्तानपुर पट्टी में छापेमारी, कुंतलों नकली मावा व दूषित मिठाइयां नष्ट

खबर शेयर करें -

बाजपुर/सुल्तानपुर पट्टी। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत बाजार में मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में कई मिठाई दुकानों और अवैध निर्माण स्थलों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिल्क पाउडर और रिफाइंड तेल से तैयार किया जा रहा कुंतलों नकली मावा (खोया) तथा कीड़े-मकोड़ों से युक्त दूषित मिठाइयां बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराई गईं।
उत्तराखंड स्वीट्स पर कीड़े-मकोड़े युक्त खोया मिला, गंदगी पर चालान
एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी के आदेशानुसार यह अभियान चलाया गया। टीम ने सबसे पहले ‘उत्तराखंड स्वीट्स’ पर छापा मारा। यहाँ स्वच्छता के मानकों की अनदेखी पाई गई और कीड़े-मकोड़ों से युक्त करीब 50 किलो खोया व छैना से बनी मिठाइयां मिलीं। टीम ने दूषित मिठाइयों को तत्काल नष्ट कराया और खोये के सैंपल भरकर दुकान का चालान किया।
कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पर माना सच: मिल्क पाउडर और रिफाइंड से बन रहा था नकली मावा
इसके बाद टीम ने ‘कुलदीप गुप्ता स्वीट्स’ पर छापेमारी की। यहाँ मिल्क पाउडर और रिफाइंड तेल मिलाकर नकली मावा तैयार किया जा रहा था। पूछताछ में दुकान संचालक ने भी मिल्क पाउडर और रिफाइंड से नकली मावा बनाने की बात स्वीकार की।
मौके से टीम को करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और लगभग डेढ़ कुंतल मिलावटी केक-लौज बरामद हुआ। संचालक की सहमति से सैंपलिंग के बाद सभी मिलावटी खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया। दुकान मालिक पर ₹1 लाख तक के जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि खाद्य विभाग की ओर से अलग से विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कारखाने में गंदे टीनों में मिले कीड़े पड़े रसगुल्ले
क्षेत्र में अवैध रूप से मिठाई निर्माण की सूचना पर भी संयुक्त टीम ने एक ठिकाने पर दबिश दी। यहाँ अस्वच्छ और बदबूदार माहौल के बीच गंदे टीनों में रसगुल्ले भरे मिले, जिनमें मक्खियां, पतंगे और कीड़े पड़े हुए थे। मौके से मिल्क पाउडर व रिफाइंड की सामग्री भी जब्त की गई। मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक इन सभी मिठाइयों को गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया।
कार्रवाई में तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, सतपाल बाबू, राजस्व उपनिरीक्षक आकाश सैनी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  युवा व्यापारी नेता दिनेश लोहनी का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन: लालकुआं में शोक की लहर, परिजनों में मचा कोहराम