कैंची धाम में अनियमताओं पर बड़ा प्रशासनिक प्रहार: मानकों के उल्लंघन पर 22 होम स्टे और होटलों पर 10-10 हजार का जुर्माना, अवैध इकाइयां बंद करने के आदेश

खबर शेयर करें -
हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध नीम करोली बाबा के धाम ‘कैंची धाम’ क्षेत्र में पर्यटन सीजन के दौरान होटल और होम स्टे संचालकों की मनमानी और अनियमताओं पर पर्यटन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कुमाऊं आयुक्त और नैनीताल के जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए जिला पर्यटन विकास अधिकारी की अगुवाई में संयुक्त टीम ने क्षेत्र की 26 होटल व होम स्टे इकाइयों का औचक भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर गड़बड़ियों और पर्यटन मानकों के उल्लंघन पर 22 पंजीकृत इकाइयों पर प्रति इकाई ₹10,000 का अर्थदंड (जुर्माना) लगाया गया है, जबकि बिना पंजीकरण अवैध रूप से चल रही इकाइयों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

बिना रेट लिस्ट और मनमाने कमरों का संचालन; 22 इकाइयों पर पड़ा जुर्माने का चाबुक

निरीक्षण के दौरान कई इकाइयों में पर्यटकों की सुविधा के लिए नियमानुसार रेट लिस्ट (दर सूची) को प्रदर्शित नहीं किया गया था, जबकि कई स्थानों पर तो रेट लिस्ट ही पूरी तरह नदारद पाई गई। इसके अतिरिक्त कई संचालक विभाग में पंजीकृत कमरों की संख्या से अधिक कमरों का व्यावसायिक संचालन करते हुए रंगे हाथों पाए गए। पर्यटन नियमावली का उल्लंघन करने पर चिराग, त्रिशूल, कृष्णा, मंजू पांडे, रेखा बिष्ट, त्रिलोकी, माधवी, निर्मल रिसोर्ट एंड कॉटेज, मां भगवती, रोहित, दीप्ती, कुंदन नेगी, शरद तिवारी और हर्षित तिवारी होम स्टे सहित कुल 22 पंजीकृत इकाइयों पर ₹10,000 प्रति इकाई का अर्थदंड ठोका गया है।

अवैध होटलों पर तालाबंदी के निर्देश; 4 संचालकों को थमाया कारण बताओ नोटिस

पर्यटन विभाग ने बिना किसी वैध पंजीकरण के गैर-कानूनी ढंग से संचालित हो रही इकाइयों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने ऐसे सभी संचालकों पर जुर्माना लगाने के साथ ही उनके व्यावसायिक संचालन को तुरंत प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। इसके अलावा निर्धारित पर्यटन मानकों के अनुरूप संचालन न पाए जाने पर हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरी राज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा सहित चार इकाई स्वामियों को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कैंची धाम और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में यह औचक निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  हाईकमान के कड़े रुख के आगे झुके हरीश रावत: रद्द कीं अपनी सभी 9 'धन्यवाद यात्राएं', समर्थकों से मांगी माफी