जंगलों में डोली रेंज का बड़ा क्रैकडाउन: 6 वाहनों में लदी ₹6 लाख की अवैध लकड़ी जब्त, 1 तस्कर गिरफ्तार

लालकुआं। वर्षा ऋतु एवं बरसाती मौसम का फायदा उठाकर जंगलों से कीमती लकड़ी काटकर तस्करी करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ वन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। तराई पूर्वी वन प्रभाग (डिवीजन) की डोली रेंज की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए अलग-अलग इलाकों से सागौन, सेंमल, लिप्टिस सहित कीमती लकड़ियों से लदे 6 वाहनों को जब्त कर लिया है। वन विभाग ने मौके से एक लकड़ी तस्कर को भी दबोचने में सफलता पाई है। बरामद की गई कुल अवैध लकड़ी की बाजार कीमत लगभग ₹6 लाख आंकी गई है। वन विभाग की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से तस्करों के सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।
एक सप्ताह में 6 गाड़ियां सीज; 1 तस्कर गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
तराई पूर्वी वन प्रभाग के जंगलों में वन विभाग की सख्ती के बावजूद लकड़ी तस्करी पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जंगलों के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय तस्कर गिरोह मानसून के दौरान सक्रिय हो जाते हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए डोली रेंज के नवनियुक्त वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) प्रदीप कुमार पंत के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। बीते एक सप्ताह के भीतर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर अवैध लकड़ी से भरे 2 कैंटर, 3 पिकअप और 1 आइशर ट्रक को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए अन्य तस्करों के खिलाफ वन अपराध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी गई है।
रेंजर का सख्त संदेश: अवैध लकड़ी तस्करी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं
कार्रवाई की जानकारी देते हुए डोली रेंज के नवनियुक्त वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत ने बताया कि यह अभियान प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) के सख्त निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, “पिछले एक सप्ताह के भीतर हमारी टीम ने डोली रेंज क्षेत्र से आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को सीज किया है, जिनमें सागौन, सेंमल और लिप्टिस की अवैध लकड़ियां लदी थीं। सभी वाहनों को सीज कर आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।” रेंजर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में वन तस्करी का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह चेकिंग व जब्ती अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

