विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट पर अभद्र टिप्पणी से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, कार्रवाई न होने पर दी धरने की चेतावनी
लालकुआं। क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले से नाराज कार्यकर्ताओं ने लालकुआं कोतवाली में पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जनप्रतिनिधि के खिलाफ अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं: रोहित दुमका
भाजपा के हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका ने कहा कि सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित व अभद्र टिप्पणी कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपी के खिलाफ शीघ्र वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो शनिवार को कोतवाली परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
युवा मोर्चा के जिला कार्यालय मंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि (बिंदुखत्ता) मनीष बोरा, प्रदेश किसान मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य रमेश कुनियाल, युवा भाजपा नेता गोविंद सामंत, विधानसभा सह-संयोजक (सोशल मीडिया) कमल पांडे, युवा नेता विजय जोशी, ललित बसनायत, हल्दूचौड़ मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक पड़ालनी, जिला मंत्री प्रकाश आर्य, ओबीसी मोर्चा जिला मंत्री देवेंद्र बिष्ट तथा वरिष्ठ भाजपा नेता डीके दुमका ने भी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।
नेताओं ने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली अभद्र भाषा का प्रयोग पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस इस मामले में तुरंत ठोस कदम नहीं उठाती है, तो कार्यकर्ता कोतवाली में धरना देने को मजबूर होंगे।


