
हरिद्वार:
ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने अदालत के कड़े रुख के बाद एक युवती (छात्रा) को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने के मामले में देवर और भाभी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने अपनी भाभी के साथ मिलकर इस पूरी घिनौनी साजिश को अंजाम दिया। बेहोशी की हालत में पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने, रंगदारी मांगने तथा जबरन निकाह (शादी) का दबाव बनाने के आरोपों के आधार पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
परीक्षा देकर लौट रही छात्रा को डरा-धमकाकर ले गया आरोपी
पीड़िता द्वारा कोर्ट में दी गई शिकायत के अनुसार, ज्वालापुर के पांवधोई क्षेत्र की निवासी समरीन नाम की महिला से उसकी पहले से जान-पहचान थी। समरीन ने ही योजना के तहत पीड़िता को अपने घर बुलाकर अपने देवर उवेश से मिलवाया था, जिसके बाद उवेश उसे लगातार फोन करने लगा।
आरोप है कि बीती 16 मार्च को जब पीड़िता अपनी बोर्ड परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकली, तभी आरोपी उवेश उसे रास्ते में रोककर डराने-धमकाने लगा और जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर अपनी भाभी समरीन के घर ले गया। वहां पीड़िता को पानी में बेहोशी की दवा मिलाकर पिला दी गई और उसके अचेत होने पर उवेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता को होश आया, तो आरोपी ने उसे उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर शिकायत करने पर जान से मारने व समाज में बदनाम करने की धमकी दी।
कोरे कागजों पर कराए हस्ताक्षर, 50 हजार की रंगदारी भी मांगी
युवती का यह भी आरोप है कि इसके बाद आरोपी उवेश उसे जबरन रोशनाबाद ले गया, जहां डरा-धमकाकर कुछ कोरे कागजों पर उसके हस्ताक्षर कराए गए और एक वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद आरोपी उन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया (इंटरनेट मीडिया) पर वायरल करने की धमकी देकर उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा। इस बीच आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी भी मांगी।
अदालत के निर्देश पर नामजद रिपोर्ट दर्ज
पीड़िता की सुनवाई जब स्थानीय स्तर पर नहीं हुई, तो उसने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
“माननीय अदालत के आदेश और निर्देशों का अनुपालन करते हुए आरोपी उवेश और उसकी भाभी समरीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले के सभी पहलुओं और साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
— चंद्रभान सिंह, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

