राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड को बड़ी सौगात: सीएम धामी करेंगे हल्द्वानी में पहले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास, व्यापार बंधुओं से भी करेंगे संवाद
हल्द्वानी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार, 29 अगस्त को जनपद नैनीताल के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश के पहले ‘उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय’ के भूमि-पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अतिरिक्त सीएम हल्द्वानी में उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे तथा कई अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भव्य समारोह, 94 पदों की मिल चुकी है स्वीकृति
हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया है, जिसकी सभी तैयारियां प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए यह विश्वविद्यालय एक बड़ी सौगात साबित होगा। शासन द्वारा खेल विश्वविद्यालय के सफल संचालन के लिए कुलपति समेत 94 पदों को पूर्व में ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम: सुबह रुद्रपुर से पहुंचेंगे गौलापार, शाम को देहरादून रवानगी
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह रुद्रपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 12:00 बजे गौलापार स्टेडियम हैलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर 12:15 से 2:00 बजे तक वे क्रीड़ा विश्वविद्यालय के भूमि-पूजन, शिलान्यास और राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इसके बाद दोपहर 2:45 से 3:30 बजे तक वे आईटीडीसी फॉर्च्यून में व्यापार व उद्योग बंधुओं के साथ बैठक कर संवाद करेंगे।
तत्पश्चात, सीएम धामी आनंद बाग स्थित जिला सहकारी बैंक के पास और मुखानी के साउथ एन्क्लेव में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। शाम 4:40 बजे एफटीआई हैलीपैड पहुंचकर मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से वापस देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस अति-महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


