बिंदुखत्ता में अचानक गैस सिलेंडर में लगी आग: घर का सामान जलकर राख, ग्रामीणों की तत्परता से बची दो मासूमों की जान
बिंदुखत्ता। बिंदुखत्ता के राजीव नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक रिहाइशी मकान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, पड़ोसियों और ग्रामीणों की समय रहते दिखाई गई तत्परता के चलते घर के भीतर मौजूद दो मासूम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घर में अकेले थे बच्चे, चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव नगर निवासी बुद्धि वल्लभ के घर में शुक्रवार सुबह जब यह हादसा हुआ, उस समय गृहस्वामी और उनकी पत्नी किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर में केवल उनके दो छोटे बच्चे ही मौजूद थे। इसी दौरान अचानक रसोई के सिलेंडर में आग लग गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं। घर से धुआं और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और बिना गंवाए दोनों बच्चों को सकुशल बाहर निकाला।
सिलेंडर फटने की आशंका टली, भारी आर्थिक नुकसान
ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने के कारण सिलेंडर फटने का बड़ा खतरा टल गया। हालांकि, तब तक घर के भीतर रखा सारा कीमती सामान, कपड़े और गृहस्थी की सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।
ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि न होने और दोनों मासूम बच्चों के बाल-बाल बच जाने पर परिजनों तथा ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय निवासियों ने पीड़ित परिवार को हुए नुकसान का जायजा लेकर प्रशासन से मुआवजा देने की गुहार लगाई है।


