लालकुआं के यूसीएफ कॉम्प्लेक्स में ध्वस्तीकरण पर उपखनिज खनन की शिकायत: एसडीएम रेखा कोहली ने किया औचक निरीक्षण, परियोजना प्रबंधक तलब
लालकुआं। हल्दूचौड़ स्थित उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के सोयाबीन एवं वनस्पति कॉम्प्लेक्स परिसर में चल रहे भवन ध्वस्तीकरण को लेकर उठ रहे गभीर सवालों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। गुरुवार को एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली ने ध्वस्तीकरण स्थल का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परियोजना प्रबंधक को तलब करते हुए पूरे मामले की पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं और विस्तृत जांच की बात कही है।
ध्वस्तीकरण की आड़ में अवैध खनन और गहराई तक खुदाई का आरोप
दरअसल, यूसीएफ परिसर में भवनों को गिराने की आड़ में मलबे के साथ उपखनिज निकाले जाने और जमीन की अनावश्यक गहराई तक अवैध खुदाई किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए यूसीएफ प्रबंधन ने एक अवर अभियंता की नियुक्ति की है, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर फिलहाल वाहनों की आवाजाही रोक दी है। यूसीएफ प्रबंधक त्रिलोचन पाठक के अनुसार अब मलबे की प्रकृति, मात्रा और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही सामग्री को बाहर भेजा जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस व प्रशासन, एसडीएम बोलीं—अवैध कार्य नहीं होगा बर्दाश्त
एसडीएम रेखा कोहली ने निरीक्षण के बाद स्पष्ट किया कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और ध्वस्तीकरण से लेकर सामग्री उठाने तक की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जमीन में की गई गहरी खुदाई को लेकर क्षेत्र में चल रही तरह-तरह की चर्चाओं और शिकायतों के बीच, अब प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।


