2027 चुनाव को लेकर एक्शन मोड में कांग्रेस और आप: सितंबर में आ सकती हैं प्रियंका गांधी, राहुल और सुक्खू के दौरे भी प्रस्तावित
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही सियासी पारा चढ़ने लगा है। संगठन को धरातल पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने केंद्रीय नेतृत्व को मैदान में उतारने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी सितंबर महीने में उत्तराखंड दौरे पर आ सकती हैं, जहाँ वे गढ़वाल या कुमाऊं मंडल में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे भी प्रस्तावित हैं।
हिमाचल के सीएम सुक्खू करेंगे देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस, ओपीएस का कार्ड खेलेगी कांग्रेस
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुई बैठक में केंद्रीय आलाकमान ने राज्य चुनावों को पूरी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। इसी रणनीति के तहत हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी देहरादून आमंत्रित किया जा रहा है। गोदियाल के अनुसार, सुक्खू देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हिमाचल में पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने के अपने अनुभव साझा करेंगे, ताकि उत्तराखंड की जनता को यह संदेश दिया जा सके कि कांग्रेस सत्ता में आने पर प्रदेश में भी ओपीएस लागू करेगी।
आम आदमी पार्टी ने भी कसी कमर, केंद्रीय नेताओं के दौरों की बन रही योजना
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आप की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने बताया कि राज्य में चुनावी बिसात बिछाने के लिए पार्टी हाईकमान के साथ लगातार चर्चा जारी है। जल्द ही आप के शीर्ष केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरों का कार्यक्रम तय कर घोषित किया जाएगा, जिससे प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रचार को गति मिल सके।

