हल्द्वानी: मुखानी कोतवाली से बेटे को न छोड़ने पर नाराज महिला की जहर खाने से मौत, इलाके में तनाव
हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा कॉलोनी (वार्ड-52) में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बीती रात पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए बेटे को न छोड़े जाने से क्षुब्ध 45 वर्षीया महिला सविता देवी (पत्नी राजीव सिंह) ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषैला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें बेस अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने आनन-फानन में युवक को छोड़ दिया, हालांकि देर रात तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।
पूछताछ के लिए बेटे को ले गई थी पुलिस, कोतवाली से लौटकर महिला ने उठाया खौफनाक कदम
मृतका के पति रामपुर रोड स्थित एक कार शोरूम में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस दो परिवारों के बीच कीमती सामान के लेनदेन से जुड़े विवाद के सिलसिले में उनके बेटे को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई थी। बुधवार दोपहर तक जब बेटे को नहीं छोड़ा गया, तो सविता देवी खुद मुखानी कोतवाली पहुँचीं और पुलिसकर्मियों से बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई। वहाँ से निकलने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर आई।
घर से 200 मीटर दूर सड़क किनारे मिलीं, स्कूल बस ने पहुँचाया घर
घटना के बाद पुलिस द्वारा खंगाली गई सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि सविता देवी अपने घर से लगभग 200 मीटर पहले सड़क किनारे बैठकर उल्टियां कर रही थीं। राह से गुजर रही एक स्कूल बस के जरिए उन्हें घर पहुँचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने तक उनकी जान जा चुकी थी। पुलिस अब यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज जांच रही है कि महिला ने विषैला पदार्थ कहाँ और किस परिस्थिति में खाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह: एसपी सिटी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि बीती रात हंगामा करने के एक मामले में पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बैठाया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला की मौत का पुलिस हिरासत की घटना से सीधा संबंध नहीं है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


