
हल्द्वानी। एमबीपीजी (MBPG) महाविद्यालय में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव और मतगणना के मद्देनजर पुलिस व यातायात प्रशासन ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है। सोमवार (29 सितंबर) प्रातः 06:00 बजे से मतगणना समाप्ति तक नैनीताल रोड सहित कॉलेज के आसपास के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस अवधि के दौरान नैनीताल रोड पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
शहर में कई प्रमुख चौराहे जीरो जोन घोषित; एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगी पार्किंग
यातायात पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा, कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तथा कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। चुनाव व मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इस प्रकार रहेगा बदला हुआ यातायात रूट:
-
पर्वतीय क्षेत्रों व मैदानी क्षेत्रों के बीच आवाजाही:
-
बरेली रोड से पहाड़ जाने वाले वाहन: तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा से आगे बढ़ेंगे।
-
रामपुर रोड से पहाड़ जाने वाले वाहन: गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड होकर गुजरेंगे।
-
पर्वतीय क्षेत्र से मैदानी इलाकों की ओर जाने वाले वाहन: नारिमन तिराहा से सीधे गौलापार रोड का प्रयोग करेंगे।
-
रामपुर रोड से कालाढूंगी की ओर: पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होकर कालाढूंगी मार्ग पर जा सकेंगे।
-
-
रोडवेज व केमू (KMOU) बसों का संचालन:
-
हल्द्वानी आने वाली बसें: नारिमन तिराहा से गौलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनि बाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए बस स्टेशन पहुंचेंगी।
-
हल्द्वानी से पहाड़ जाने वाली बसें: रोडवेज पूर्वी गेट से ताज चौराहा, गौलापुल और गौलापार मार्ग होते हुए नारिमन तिराहा से अपने गंतव्य को निकलेंगी।
-
-
काठगोदाम और स्थानीय यातायात व्यवस्था:
-
काठगोदाम से हल्द्वानी: वाहन कालटैक्स/हाइडिल तिराहा से पनचक्की तिराहा, चंबल पुल और लालडांठ/ऊंचापुल चौराहा होते हुए अथवा आवास विकास तिराहा से ठंडी सड़क व तिकोनिया चौराहा से होकर निकलेंगे।
-
हल्द्वानी से काठगोदाम: वाहन तिकोनिया चौराहा से कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पनचक्की चौराहा होते हुए काठगोदाम जाएंगे।
-

