
राजू अनेजा, गढ़ीनेगी।नगर पंचायत गढ़ीनेगी के अध्यक्ष पद के लिए 9 जून को होने वाले मतदान से पहले चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला ने शनिवार को विशाल जनरैली निकालकर अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। रैली में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों समेत हजारों लोगों की भागीदारी ने चुनावी समीकरणों को नई दिशा दे दी।
ढोल-नगाड़ों, भाजपा के झंडों और समर्थकों के नारों के बीच निकली रैली ने पूरे क्षेत्र का माहौल चुनावमय बना दिया। रैली जिस रास्ते से गुजरी, वहां लोगों ने जगह-जगह स्वागत कर समर्थन जताया। भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि रैली में उमड़ी भीड़ ने विरोधी खेमे की चिंता बढ़ा दी है।
जनसमर्थन देख गदगद हुए सचिन बाठला
रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला ने कहा कि क्षेत्रवासियों ने जिस तरह हजारों की संख्या में पहुंचकर अपना स्नेह और विश्वास जताया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “गढ़ीनेगी की जनता का यह प्यार और भरोसा व्यर्थ नहीं जाने दूंगा। जनता ने मौका दिया तो इस समर्थन को विकास में बदलकर दिखाऊंगा। गढ़ीनेगी को प्रदेश की आदर्श नगर पंचायत बनाना मेरी प्राथमिकता होगी।”
विकास के नाम पर मांगे वोट
सचिन बाठला ने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद गढ़ीनेगी के विकास की अपार संभावनाएं हैं। सड़क, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से विकास और सुशासन के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
मतदान की तारीख नजदीक आते ही गढ़ीनेगी का चुनावी रण दिलचस्प होता जा रहा है। भाजपा की इस शक्ति प्रदर्शन रैली ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि चुनावी मुकाबले में पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरी हुई है। अब सभी की निगाहें 9 जून को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

