पटरी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव: जेब से मिले वोटर आईडी से हुई पहचान

खबर शेयर करें -

किच्छा/पुलभट्टा (ऊधम सिंह नगर)। किच्छा के पुराने बरेली रोड पर रेलवे पटरी के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर किच्छा व पुलभट्टा थाना पुलिस के साथ-साथ रेलवे पुलिस (GRP) भी तुरंत मौके पर पहुंची। सीमा विवाद को लेकर मौके का निरीक्षण करने के बाद घटनास्थल पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
वोटर आईडी कार्ड से हुई पहचान, बहराइच पुलिस से साधा जा रहा संपर्क
पुलिस द्वारा घटनास्थल के निरीक्षण और मृतक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी कार्ड) बरामद हुआ। पहचान पत्र के अनुसार मृतक का नाम गोलाई आयु (उम्र लगभग 21 वर्ष), पुत्र रामप्रताप, निवासी 142 काशीजोत, पयागपुर, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश) दर्ज है। पुलिस ने बहराइच पुलिस से संपर्क कर परिजनों का पता लगाने और युवक के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर भी यह पता लगाया जा रहा है कि युवक किच्छा कब और किस काम से आया था।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर उन्हें जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर भेज दिया है।
मामले में बोले जिम्मेदार अधिकारी
पुलभट्टा थाने के एसआई धीरज वर्मा ने बताया, “मृतक के पास से मिले मतदाता पहचान पत्र के आधार पर बहराइच पुलिस से संपर्क किया गया है और परिजनों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से मिलने वाले वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस हादसे, हत्या या किसी अन्य अनहोनी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  गोरापड़ाव डकैती कांड का एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने किया बड़ा खुलासा: दो नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार, अवैध असलहे, कारतूस और नकदी बरामद