हल्द्वानी में अधेड़ का शव फंदे से लटका मिला: पत्नी ने करीबी रिश्तेदार पर लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी। कोतवाली के राजपुरा चौकी क्षेत्र में शुक्रवार रात एक 53 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव घर के भीतर रस्सी के फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी ने परिवार के ही एक करीबी रिश्तेदार पर पति की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का संगीन आरोप लगाया है, जिससे मामला पूरी तरह संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड संख्या 13 (राजपुरा) निवासी मिट्ठू लाल (53 वर्ष) पुत्र इंदर लाल शुक्रवार देर रात अचानक अपने घर के अंदर रस्सी के फंदे से लटके हुए पाए गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को जब परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तो मृतक की पत्नी रानी ने मीडिया और पुलिस के सामने अपनी बात रखते हुए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके एक करीबी रिश्तेदार द्वारा उनके पति को आए दिन बेरहमी से पीटा जाता था और उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पत्नी ने मामले में पुलिस को जल्द ही लिखित तहरीर सौंपने की बात कही है।
इस पूरे मामले पर राजपुरा चौकी प्रभारी आरती ने बताया कि मृतक के शरीर पर बाहरी तौर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं, इसलिए मौत की वास्तविक और स्पष्ट वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। वहीं, हल्द्वानी कोतवाली के एसएचओ (SHO) विजय मेहता ने स्पष्ट किया कि पुलिस को अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। परिजनों द्वारा लिखित तहरीर दिए जाने पर पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तत्परता से कानूनी कार्रवाई करेगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


