बिंदुखत्ता की बसासत के कर्णधार पंडित ललित मोहन पांडे का निधन: क्षेत्र में शोक की लहर, आज चित्रशिला घाट पर होगी अंतिम यात्रा

लालकुआं। बिंदुखत्ता की बसासत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कलिका मंदिर क्षेत्र के प्रतिष्ठित एवं वयोवृद्ध पंडित ललित मोहन पांडे का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही बिंदुखत्ता और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले पंडित ललित मोहन पांडे के निधन को पूरे समाज और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्रवासियों के दिलों में खास जगह बनाने वाले स्वर्गीय पंडित ललित मोहन पांडे लंबे समय से पौरोहित्य एवं धार्मिक कार्यों से जुड़े थे। बिंदुखत्ता के शुरुआती बसासत के दौर में उन्होंने सामाजिक समरसता बनाए रखने और लोगों को जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभाई थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही विभिन्न सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उनके निवास स्थान पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। परिजनों के अनुसार, उनकी अंतिम शवयात्रा आज अपराह्न 3 बजे रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट के लिए प्रस्थान करेगी, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है।

