रेलवे विभाग के नोटिस के खिलाफ नगीना कॉलोनी वासियों का प्रदर्शन

लालकुआं। स्थानीय रेल प्रशासन द्वारा नगीना कॉलोनी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस चस्पा करने के विरोध में नगीना कॉलोनी क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने लालकुआं क्षेत्र में जबरदस्त जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। साथ ही तहसील कार्यालय में धरना देने के बाद शासन प्रशासन को तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन भेजा।
शुक्रवार की प्रात नगीना कॉलोनी से वहां के निवासियों ने जबरदस्त जुलूस निकाला, जो कि बंगाली कॉलोनी, हाथीखाना होता हुआ लालकुआं बाजार में पहुंचा, जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारी रेल प्रशासन मुर्दाबाद और लड़ेंगे लड़ेंगे जीतेंगे जीतेंगे’ के नारे लगा रहे थे। उक्त जुलूस संपूर्ण बाजार में घूमता हुआ तहसील प्रांगण में धरने में तब्दील हो गया। इस दौरान धरने में मौजूद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया तथा अपना पूर्ण समर्थन देते हुए रेलवे के खिलाफ आंदोलन में शामिल रहने का वादा भी किया। प्रदर्शनकारी बिंदु गुप्ता ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से रेल विभाग उन्हें डरा रहा है कई बार उनके द्वारा नगीना कॉलोनी क्षेत्र में नोटिस चस्पा किए गए हैं, जिससे वहां रहने वाले मजदूर तबके के परिवारों में दहशत बनी हुई है, उन्होंने कहा कि यदि इस कोरोना महामारी के बीच रेल प्रशासन द्वारा उन्हें बेदखल किया जाता है तो रोजाना मजदूरी कर अपने बच्चों का भरण पोषण करने वाले परिवारों के समक्ष बेघर होने के साथ-साथ भुखमरी की नौबत आ जाएगी। प्रदर्शनकारी राकेश कुमार ने कहा कि जब तक रेल विभाग उन्हें बेदखल करने का नोटिस वापस नहीं लेता है तब तक नगीना कॉलोनी क्षेत्र के लोग आंदोलनात्मक कदम उठाते रहेंगे। लगभग 2 घंटे तक धरना प्रदर्शन करने के बाद जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड, क्षेत्रीय विधायक नवीन दुम्का, सांसद अजय भट्ट व मंडलायुक्त कुमाऊं को प्रेषित ज्ञापन की प्रति तहसीलदार नितेश डांगर को सौंपी गयी।
धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी चंदन जोशी, राकेश गुप्ता, अजीज अहमद, राजू कश्यप, आलम खान, अंचल कुमार, पुष्पा देवी, हेमा राणा, मुराती देवी, रामादेवी, नूरजहां प्रमुख रूप से अगुवाई कर रहे थे। जबकि इनके साथ जुड़े अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं में कांग्रेसी नेता हरेंद्र बोरा, जीवन कबडवाल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह, महामंत्री गुरुदयाल मेहरा, गिरधर बम, जितेंद्र कुमार, आम आदमी पार्टी के नेता दीपक पांडे, ओमपाल कश्यप और लाल सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी शामिल थे।

