
लालकुआं। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट उर्फ भुवन पहाड़ी ने समस्त प्रदेश और क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में भुवन पहाड़ी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, प्रेम और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी का यह पवित्र पर्व अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। वर्तमान समय में हम सभी को भगवान कृष्ण के उच्च आदर्शों और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रेस को जारी अपने बयान में उन्होंने विशेषकर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “आज के युवाओं को भगवान श्रीकृष्ण के ‘कर्मयोग’ से सीख लेनी चाहिए। हमें फल की चिंता किए बिना समाज और राज्य के विकास के लिए निस्वार्थ भाव से अपना कर्तव्य निभाना होगा। उत्तराखंड के नवनिर्माण और संस्कृति की रक्षा के लिए हमारे युवाओं का सही मार्ग पर चलना अत्यंत आवश्यक है।”

