‘अग्निवीर’ बनने का सपना खौफनाक रंजिश में बदला: रानीखेत के ऐना गांव में युवक की निर्मम हत्या, बुआ और दादी पर भी जानलेवा हमला

खबर शेयर करें -

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के ऐना गांव में बीते शुक्रवार की देर शाम हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। स्कूटी की खरोंच को लेकर दो महीने पहले हुए एक मामूली विवाद की रंजिश में एक सनकी युवक ने घर में घुसकर 19 वर्षीय सागर सिंह की हथौड़े से वार करने के बाद चाकू से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची सागर की बुआ और दादी पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात की चश्मदीद घायल बुआ द्वारा नाम उजागर करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी जगत सिंह को मजखाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  तिकोनिया पार्क में रात को सोना हुआ खतरनाक: हल्द्वानी में दो लोगों के कान कटे मिले, इलाके में 'कान कटवा' की चर्चा से दहशत

मूल रूप से सिंह गांव निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह उर्फ जितेंद्र बेहद होनहार था और उसका भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ बनने का सपना था। उसने सेना भर्ती की लिखित परीक्षा पास कर ली थी और फिजिकल टेस्ट की तैयारी के लिए वह द्वाराहाट ब्लॉक के ऐना गांव स्थित अपनी बुआ जानकी देवी के घर पर रह रहा था, जहां उसका दर्दनाक अंत हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के ने मामले का भंडाफोड़ करते हुए बताया कि आरोपी जगत सिंह बोरा का दो महीने पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी पर खरोंच आने को लेकर सागर और उसके फुफेरे भाई कृष्णा सिंह से विवाद हुआ था। आरोपी ने उसी दिन दोनों भाइयों को ठिकाने लगाने की ठान ली थी और पिछले दो महीने से लगातार इसकी साजिश रच रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  मामूली विवाद का खौफनाक अंत: जसपुर में कार सवारों ने बाइक को मारी टक्कर, युवक को घसीटकर कुचला, मौत

योजना के मुताबिक, शुक्रवार को आरोपी जगत सिंह ने खैरना बाजार से एक हथौड़ा और रानीखेत से एक धारदार चाकू खरीदा और उन्हें अपने पिट्ठू बैग में छिपाकर कृष्णा के घर पहुंच गया। मौका पाते ही उसने कमरे में मौजूद सागर के सिर पर हथौड़े से जोरदार वार किया और उसके चीखते ही चाकू से गर्दन रेत दी। चीख-पुकार सुनकर जब कृष्णा की मां जानकी देवी और चचिया सास सबुली देवी (शोभा देवी) कमरे में पहुंचीं, तो आरोपी ने जानकी देवी के सिर पर हथौड़ा मार दिया और बुजुर्ग सबुली देवी के गले पर चाकू से वार कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो जिंदगी खत्म: उधम सिंह नगर और रामपुर में कंपनी कर्मचारी और स्केटिंग कोच की दर्दनाक मौत
Ad