बिंदुखत्ता (लालकुआं)। क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लालकुआं स्पोर्ट्स क्लब द्वारा प्रथम गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी क्रम में क्लब के आयोजक मंडल के युवाओं ने भाजपा नेता देवेंद्र सिंह बिष्ट से उनके बिंदुखत्ता स्थित आवासीय कार्यालय पर मुलाकात की। युवाओं ने उन्हें आगामी २४ एवं २६ जुलाई को आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए सप्रेम आमंत्रित किया, जिसे भाजपा नेता ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
इस अवसर पर भाजपा नेता देवेंद्र सिंह बिष्ट ने युवाओं के इस ऊर्जावान और सकारात्मक प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बेटियों को खेलों के माध्यम से सशक्त, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने का यह अभियान पूरे समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि खेल के मैदान से ही वास्तविक अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व के गुणों का विकास होता है, जो एक सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने समस्त आयोजक मंडल और टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी प्रतिभागी बेटियों को अपनी अग्रिम शुभकामनाएं दीं और क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस आयोजन से जुड़कर बेटियों का उत्साहवर्धन करें।
इस मुलाकात के दौरान लालकुआं स्पोर्ट्स क्लब के कई प्रमुख पदाधिकारी, युवा साथी और स्थानीय खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


