रुद्रपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़; जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, 8 तमंचे बरामद

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार तड़के पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की बाइक सवार बदमाशों के साथ तीखी मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई सुबह करीब चार बजे अंजाम दी गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया है। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं।
तड़के करीब चार बजे हुई मुठभेड़
प्राप्त शुरुआती जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के लगभग चार बजे पुलिस और एसओजी को संदिग्धों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके साथियों को भी घेरने का प्रयास किया जा रहा है।
भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने बदमाशों के पास से कुल आठ अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये बदमाश किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और इनके अन्य साथी कहां छिपे हैं। पुलिस और एसओजी की टीमें इलाके में कॉम्बिंग और पूछताछ कर रही हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

