विश्व फोटोग्राफी दिवस पर हल्द्वानी में फोटो प्रदर्शनी व संगोष्ठी आयोजित: पूर्व सीएम कोश्यारी और पूर्व विस अध्यक्ष कुंजवाल ने किया शुभारंभ, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट सम्मानित
हल्द्वानी। विश्व फोटोग्राफी दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन (नैनीताल जिला इकाई) के तत्वावधान में बुधवार को इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल के सभागार में भव्य फोटो प्रदर्शनी, प्रतियोगिता एवं ‘उत्तराखंड की विरासत एवं पर्यटन’ विषयक संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल पद्मविभूषण भगत सिंह कोश्यारी तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सकारात्मक नजरिया ही एक बेहतरीन तस्वीर गढ़ता है: भगत सिंह कोश्यारी
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि फोटोग्राफर को हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। एक फोटो मात्र साधारण चित्र नहीं होती, बल्कि वह फोटोग्राफर की सोच और उसकी रचनात्मकता का दर्पण होती है। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फोटोग्राफर हिमांशु जोशी ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाते हुए युवाओं को फोटोग्राफी के गुर सिखाए, जबकि युवा वास्तुविद रक्षित पांडे ने उत्तराखंड की स्थापत्य शैली पर सारगर्भित व्याख्यान दिया।
निर्मित आसवानी ने प्रतियोगिता में मारी बाजी, दीक्षांत व इंस्पिरेशन के छात्रों का दबदबा
‘उत्तराखंड की विरासत एवं पर्यटन’ विषय पर आयोजित फोटो प्रतियोगिता में दीक्षांत स्कूल के निर्मित आसवानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंस्पिरेशन स्कूल की जोहा कुरैशी दूसरे और कार्तिक भान तीसरे स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त रुद्रांश पिंचा, रिदा शहजाद, आदिश्री माथुर, भूमिका रावत, अपूर्व कमल, यथार्थ मित्तल, वैष्णवी पटवाल, खुशवंत मिश्रा, श्रव्या वर्मा और मृदुल जोशी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
दैनिक जागरण के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट दीप बिष्ट ‘बाबा’ समेत कई हस्तियां सम्मानित
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दैनिक जागरण के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट दीप बिष्ट ‘बाबा’ को पूर्व सीएम कोश्यारी व पूर्व विस अध्यक्ष कुंजवाल द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके साथ ही वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट अजय कुमार, राजेंद्र सिंह बिष्ट, संजय कुमार, चंद्र प्रकाश, समायरा शाह और मोहम्मद खालिद खान को भी सम्मानित किया गया।
पत्रकार यूनियन के दिग्गजों और गणमान्य हस्तियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
कार्यक्रम की सफलता में यूनियन के जिला महामंत्री प्रकाश जोशी, प्रदेश महामंत्री प्रयाग पांडे, प्रदेश संयोजक गणेश पाठक, प्रांतीय सचिव डॉ. विपिन चंद्रा, उपाध्यक्ष बी.सी. भट्ट, अनुशासन समिति अध्यक्ष ओ.पी. पाण्डे, लघु समाचार पत्र प्रकोष्ठ के संयोजक जगमोहन रौतेला, जिलाध्यक्ष अंकुर शर्मा, हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष संजय प्रसाद, महामंत्री दीपक भंडारी, लालकुआं इकाई महामंत्री दीप जोशी और इंस्पिरेशन स्कूल के प्रबंधक दीपक बल्यूटिया तथा अंकित दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला उपस्थित रहे।


