खटीमा (उधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के खटीमा कोतवाली क्षेत्र में एक बेहद शातिर तरीके से ठगी और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां थारू जनजाति के एक व्यक्ति को घर और जमीन में 100 किलोग्राम सोना गड़ा होने का लालच दिया गया। इसके बाद तांत्रिक क्रियाओं, बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उसकी बेशकीमती जमीन हड़प ली गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार चल रहा है।
सोना गड़ा होने का सपना दिखाकर रची गई साजिश
पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) खटीमा नीरज सेमवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि भूड़ महोलिया निवासी रणदीप सिंह ने थाने में तहरीर दी थी। पीड़ित के अनुसार, उनके पिता उमेश कुमार (जो थारू जनजाति से ताल्लुक रखते हैं) के पास हाईवे से सटी हुई बहुमूल्य जमीन थी और हाल ही में उन्होंने कुछ जमीन बेची थी जिसके एवज में उनके पास धनराशि भी थी।
आरोपियों ने इसी का फायदा उठाने के लिए उनके घर और जमीन में 100 किलो सोना दबा होने का झूठा जाल बुना। तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर उनसे भारी रकम खर्च कराई गई।
महिला के जरिए ब्लैकमेलिंग और जबरन रजिस्ट्री
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने एक महिला को आगे कर उमेश कुमार को दुष्कर्म जैसे गंभीर और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उन्हें कार में बंधक बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और डर तथा दबाव के साए में जमीन का एग्रीमेंट करवा लिया गया। इसके बाद 86 लाख रुपए नकद दिखाने का दिखावा कर दो अन्य व्यक्तियों—दीपक सिंह और पपेंद्र—के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई और जबरन कब्जा कर लिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, तांत्रिक की हो चुकी है मौत
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे षड्यंत्र में शामिल मुख्य तांत्रिक मुकेश कुमार की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि कश्मीर सिंह नाम का एक अन्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस ठगी और ब्लैकमेलिंग के इस खेल में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

