रुद्रपुर में क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान भागे गैंगरेप के आरोपी: पुलिस ने दौड़ाकर दबोचा, भड़की भीड़ ने की पिटाई; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत युवती से हुए चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब क्राइम सीन रीक्रिएट कराकर लौट रही पुलिस की कस्टडी से दो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। भारी भीड़ का फायदा उठाकर भाग रहे आरोपियों को पुलिसकर्मियों ने फिल्मी स्टाइल में दौड़ाकर कुछ ही दूरी पर दोबारा दबोच लिया। इस दौरान वहां मौजूद आक्रोशित भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने आरोपियों को घेरकर उनकी जमकर पिटाई कर दी तथा उन्हें फांसी दिए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों आरोपियों को सुरक्षित कोतवाली पहुंचाया।

यह भी पढ़ें 👉  कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर धर्मनगरी में उमड़ा आस्था का महासैलाब; 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी, भारी भीड़ के चलते हाईवे से लेकर शहर की सड़कों तक दिन भर लगा रहा जाम

इस घटनाक्रम ने पुलिस अभिरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर आरोपी पुलिस की पकड़ से छूटकर भागने में कैसे कामयाब हुए। हालांकि, इस पूरे मामले पर एसएसपी अजय गणपति या पुलिस प्रशासन का कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तरकाशी: मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड; 33 आवासीय भवन, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय जलकर राख, साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

गौरतलब है कि 25 जुलाई की रात भूरारानी रोड से बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवती और उसके साथियों का अपहरण कर लिया था, जिसके बाद आरोपियों ने युवती को गदरपुर ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया था। 27-28 जुलाई की दरमियानी रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी थी, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया था। मंगलवार को इन्हीं दो आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाया गया था, जहां से लौटते वक्त यह ड्रामा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  छोटे शहर के युवाओं को भी बड़े कारोबारी बनने का मिलेगा मौका, आईआईएम ने खोले द्वार; 10 लाख रुपये की मदद से गढ़ा जाएगा युवाओं का भविष्य