बुजुर्ग महिला के घर में चोरी: बक्से से सोने-चांदी के लाखों के जेवरात गायब, अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
भवाली। कोतवाली भवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत गैराड़ी लटवाल में एक घर से सोने और चांदी के कीमती जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर भवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हल्द्वानी गई थीं पीड़िता, लौटने पर कमरे के बक्से से गायब मिले जेवर
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गैराड़ी लटवाल निवासी उमा लटवाल ने बताया कि वह बीते 5 अगस्त को किसी निजी काम से परिजनों से मिलने हल्द्वानी गई थीं। उस समय घर पर उनकी बहू तनुजा लटवाल और ससुर पान सिंह लटवाल मौजूद थे। जब वह 24 अगस्त को हल्द्वानी से वापस अपने घर लौटीं और 27 अगस्त को उन्होंने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में रखे बक्से को देखा, तो उसके होश उड़ गए। बक्से का ताला और कुंडा टूटा हुआ था और उसमें रखे सारे कीमती जेवरात गायब थे।
गायब सामान में नथ, गलोबंद, झुमके और पाजेब शामिल
पीड़िता के मुताबिक बक्से से दो जोड़ी चांदी की पाजेब, एक जोड़ी सोने के झुमके, सोने की पारंपरिक नथ, गलोबंद, मांग टीका और दो सोने की अंगूठियां चोरी हुई हैं। पीड़िता ने तुरंत भवाली कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी और अज्ञात चोरों को पकड़कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
भवाली कोतवाली के एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।


