मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा और डोला विसर्जन कल: 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी स्कूल-कॉलेज बंद
नैनीताल। नैनीताल के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव का बुधवार, 23 सितंबर को मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा और धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोला विसर्जन के साथ समापन होगा। समापन अवसर पर नैनीताल नगर क्षेत्र में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। मुख्य शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी व निजी विद्यालयों के साथ-साथ कॉलेजों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
यातायात और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएम ने जारी किए निर्देश
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि महोत्सव के समापन पर शोभायात्रा व डोला विसर्जन के दौरान शहर में अत्यधिक भीड़ जमा होने से सड़कों पर आवाजाही और यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव रहता है। ऐसे में स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए यह फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को कड़े निर्देश दिए हैं कि नैनीताल नगर सीमा के भीतर संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों और महाविद्यालयों में इस अवकाश के आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

