हरिद्वार: रील बनाने की आदत से नाराज पति ने हरकी पैड़ी पर किया जीवित पत्नी का ‘पिंडदान’; वीडियो वायरल होने पर बढ़ा आक्रोश

खबर शेयर करें -

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी घाट से आस्था और मर्यादा को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक शख्स अपनी जीवित पत्नी की तस्वीर के साथ अशोभनीय व्यवहार करते हुए उसका ‘पिंडदान’ करता नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी की सोशल मीडिया पर रील बनाने की लत से इस कदर परेशान था कि उसने गुस्से में आकर गंगा तट पर यह विवादित कृत्य कर डाला। वीडियो में वह तस्वीर का अपमान करने के बाद उसे गंगा में प्रवाहित करते हुए भी दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: पिकअप बैक करते समय टायर के नीचे आई दो साल की मासूम, दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम

तीर्थ पुरोहितों और संगठनों में भारी रोष

इस घटना का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद हरिद्वार के तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने इस कृत्य को सनातन धर्म और गंगा की मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए कहा कि हरकी पैड़ी करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है और यहाँ इस तरह का शर्मनाक व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई आस्था के साथ ऐसा खिलवाड़ न कर सके।

यह भी पढ़ें 👉  स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़: परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, 150 बसों के चालान और 4 वाहन सीज

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगा सभा की शिकायत पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की वास्तविकता और समय की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि पूर्व में भी गंगा किनारे रील बनाने और अमर्यादित गतिविधियों को लेकर कई बार विवाद सामने आ चुके हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में ‘फर्जी होम स्टे कारोबार’ पर प्रशासन का सबसे बड़ा प्रहार ! 197 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

नोट- हिमालय प्रहरी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है