दिल दहला देने वाली घटना: रेलिंग से फंदे पर लटके मिले छात्र-छात्रा के शव, क्षेत्र में सनसनी

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड अंतर्गत रामणी गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटके मिले। सुबह उठते ही जैसे ही ग्रामीणों की नजर दोनों के शवों पर पड़ी, खबर आग की तरह फैल गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
11वीं और 12वीं के छात्र थे दोनों, पुलिस जांच में जुटी
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक युवक सुनील कक्षा 12 का छात्र था, जबकि मृतका कक्षा 11 में पढ़ने वाली छात्रा थी। दोनों एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। एक साथ दो स्कूली विद्यार्थियों के शव मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूचना मिलने के बाद नंदानगर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेने और घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गई है।

