नैनीताल जिले में भारी बारिश का अलर्ट: 5 सितंबर को बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, प्रशासन ने जारी किया आदेश

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के बाद नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मूसलाधार बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त व एहतियाती कदम उठाया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार, 5 सितंबर को जिले के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12वीं तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया है। जारी आदेश के तहत मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी शैक्षणिक संस्थानों में इसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार यह अवकाश विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ के लिए भी मान्य रहेगा। हालांकि, यह छूट नैनीताल शहर में स्थित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और बोर्डिंग स्कूलों पर लागू नहीं होगी, जहां अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर के भीतर उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन ने नदियों, नालों और गधेरों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की संभावना जताई है तथा सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन नियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

