पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से उधम सिंह नगर के एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत, 2 बच्चे गंभीर

खबर शेयर करें -
रुद्रपुर/शक्तिफार्म। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले का एक परिवार बुरी तरह शिकार हो गया। शक्तिफार्म क्षेत्र के रहने वाले परिवार की कार पूरनपुर-खुटार हाईवे पर चीनी मिल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही शक्तिफार्म क्षेत्र में मातम पसर गया है।
पलिया जाते समय पूरनपुर हाईवे पर हुआ हादसा; पुलिस ने कार काटकर चालक का शव निकाला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्तिफार्म निवासी साधना गायन (45) अपने परिवार के साथ कार से यूपी के पलिया जा रही थीं। कार उनका देवर तारक (35) चला रहा था। हादसे में साधना गायन, उनकी 65 वर्षीय सास और देवर तारक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चालक तारक स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में साधना गायन की 16 वर्षीय बेटी खुशबू और 14 वर्षीय बेटा सनातनु गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुशबू की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
पूरनपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विधि भूषण मौर्य ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार और डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  ई-रिक्शा और कार की आमने-सामने भिड़ंत में मासूम समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 10 घायल