देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद के चलते एक पति ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी काजल की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति धीरज पंवार ने खुद सुबह करीब 6 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी, हालांकि इसके तुरंत बाद उसने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने लोकेशन ट्रेस कर एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से महिला का शव बरामद किया। इस खूनी वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घरेलू विवाद बनी हत्या की वजह, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस की कई टीमें
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति धीरज के बीच लगातार विवाद चल रहा था। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी धीरज पंवार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

