रुद्रपुर में आयकर विभाग की छापेमारी 40 घंटे बाद भी जारी, ईडी के शामिल होने की चर्चा

खबर शेयर करें -
रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में कारोबारी रोहिताश बत्रा और डॉक्टर दीपक छाबड़ा के आवासों व ठिकानों पर आयकर (Income Tax) विभाग की कार्रवाई लगातार 40 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जारी है। इस उच्चस्तरीय जांच में आयकर विभाग की मुख्य टीम के साथ-साथ लखनऊ और कानपुर के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार डटे हुए हैं। सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि इस कार्रवाई में देहरादून से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक टीम भी शामिल हो गई है, हालांकि किसी भी विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

मार्निंग वॉक के दौरान शुरू हुई थी कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह एचआर (HR) नंबर की गाड़ियों से इनकम टैक्स विभाग की टीमें अचानक सक्रिय हुईं। एक टीम सीधे डॉ. दीपक छाबड़ा के आवास पर पहुंची, जबकि दूसरी टीम ने सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी रोहिताश बत्रा को अपने साथ उनके आवास पर पहुंचाया। इसके बाद दोनों ही ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू कर दी गई।

मेडिसिटी अस्पताल के अधिग्रहण और बीमा भुगतानों की पड़ताल

सूत्रों के मुताबिक, जांच का मुख्य केंद्र रुद्रपुर स्थित मेडिसिटी अस्पताल का अधिग्रहण (Acquisition) और उससे जुड़े वित्तीय सौदे हैं। कुछ समय पहले ‘पार्क ग्रुप’ द्वारा मेडिसिटी अस्पताल का अधिग्रहण किया गया था। चर्चा है कि इस सौदे को कराने वाली थर्ड पार्टी के साथ हुए लेनदेन को लेकर कुछ विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद मामला जांच एजेंसियों के संज्ञान में आया।
इसके अलावा, टीम अस्पताल के पूर्व संचालन के दौरान सरकारी योजनाओं के तहत बीमा (Insurance) के माध्यम से भर्ती हुए मरीजों के इलाज और भुगतानों से जुड़े दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है। कारोबार से जुड़े कागजात, संपत्तियों के दस्तावेज, आयकर रिटर्न (ITR), बैंक खातों के विवरण, निजी लैपटॉप और व्यावसायिक अनुबंधों को खंगाला जा रहा है।

कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ और दस्तावेजों की जांच

कार्रवाई के दौरान दोनों आवासों के बाहर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों की अनुमति के बिना किसी भी बाहरी व्यक्ति या परिवार के सदस्यों को बाहर जाने या अंदर आने की इजाजत नहीं दी जा रही है। जरूरत पड़ने पर परिवार के कुछ अन्य सदस्यों को भी पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए बाहर से बुलाया गया है।
लगातार दो दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस कार्रवाई के दौरान क्या कुछ बरामद हुआ है और जांच के निष्कर्ष किस दिशा में जा रहे हैं। आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: रील बनाने पर भाई की डांट से क्षुब्ध 14 वर्षीय किशोरी ने लगाई फांसी, दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  सीएसडी कैंटीन के नाम पर आम लोगों को बेची जा रही नकली शराब की खेप बरामद; क्रेटा कार समेत तस्कर गिरफ्तार