बुजुर्ग विधवा मां से मारपीट और बदसलूकी करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, संपत्ति पर कब्जे की नीयत से बहू संग मिलकर दी थी धमकी
देहरादून। शहर के थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र अंतर्गत टर्नर रोड पर एक कलयुगी बेटे द्वारा अपनी ही बुजुर्ग विधवा मां के साथ मारपीट, गाली-गलौज और घर से बेदखल करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता सत्या राठौर की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि उसका बड़ा बेटा विश्वदीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता राठौर मकान पर अवैध कब्जा करने की नीयत से उनके साथ लगातार मारपीट व अभद्रता करते आ रहे थे।
दिवंगत पति ने 2017 में ही संपत्ति से कर दिया था बेदखल, सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े
पीड़िता के अनुसार, उनके दिवंगत पति आरआर राठौर ने बेटे-बहू की प्रताड़ना से तंग आकर वर्ष 2017 में ही उन्हें अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था। पति के निधन के बाद आरोपियों ने वृद्धा का उत्पीड़न बढ़ा दिया और सुरक्षा के लिए घर में लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। 14 सितंबर को जब आरोपी बेटा अपनी मां के साथ फिर से मारपीट और गाली-गलौज कर रहा था, तब सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी लोक परमार ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी विश्वदीपक राठौर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

