गुरु के रंग में रंगा काशीपुर !श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर अमृत वेले प्रभात फेरियों से गूंजी शहर की गलियां

खबर शेयर करें -

13 तारीख से शुरू हुए धार्मिक आयोजनों ने बनाया भक्तिमय माहौल, शबद-कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों के बीच संगत कर रही गुरु चरणों में हाजिरी

राजू अनेजा,काशीपुर। श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश उत्सव को लेकर काशीपुर में इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 13 तारीख से शुरू हुई प्रभात फेरियों ने पूरे शहर को गुरु भक्ति के रंग में रंग दिया है। अमृत वेले जब शहर की सड़कों और गलियों से गुरबाणी के मधुर शबद गूंजते हैं और संगत वाहेगुरु के जयकारों के साथ प्रभात फेरी में शामिल होती है तो वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठता है।

सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं की टोलियां गुरु महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए प्रभात फेरियों में शामिल हो रही हैं। महिला, पुरुषों से लेकर बच्चे और बुजुर्ग तक पूरे उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं। जगह-जगह श्रद्धालु प्रभात फेरियों का स्वागत कर रहे हैं। कहीं पुष्प वर्षा तो कहीं चाय और प्रसाद की सेवा के माध्यम से संगत का स्वागत किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर में मिलावट के खेल की खबर से टूटी खाद्य विभाग की नींद! डेयरियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, मावा-पनीर के पांच सैंपल भरे

गुरबाणी के शबदों से गूंज रहा शहर, घर-घर पहुंच रहा गुरु संदेश

प्रभात फेरियों का नजारा केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बन रहा है। गुरु साहिब के एकता, समानता, मानवता, प्रेम और सेवा के संदेश को याद करते हुए संगत श्रद्धा के साथ प्रभात फेरियों में अपनी सहभागिता निभा रही है। अमृत वेले निकलने वाली इन प्रभात फेरियों से शहर में ऐसा माहौल बन रहा है मानो हर गली और हर मोहल्ला गुरु भक्ति में सराबोर हो गया हो।

यह भी पढ़ें 👉  एलोर इन रिसोर्ट एंड रेस्टोरेंट! काशीपुर में शुरू हुआ स्वाद और सुकून का नया ठिकाना, लाइट म्यूजिक की मधुर धुनों के बीच लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे शहरवासी

गुरुद्वारा कमेटी की देखरेख में हो रहे आयोजन

प्रभात फेरियों के आयोजन की जिम्मेदारी गुरुद्वारा कमेटी द्वारा संभाली जा रही है। कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजीत सिंह कोहली के साथ कमलजीत सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, नरेंद्र सिंह चड्ढा, जसपाल सिंह चड्ढा, अमरजीत सिंह और गुरविंदर सिंह सेठी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सेवादार धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। संगत की सुविधा से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं तक सेवादार अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

प्रकाश पर्व को लेकर संगत में विशेष उत्साह

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने की मुहिम को मिला नया सारथी! नवनियुक्त नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने संभाली कमान,महापौर दीपक बाली के विजन को मिलेगी नई गति

श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सिख समाज ही नहीं, बल्कि समूची मानवता के लिए प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश लेकर आता है। यही वजह है कि प्रकाश पर्व से पहले ही काशीपुर में धार्मिक उल्लास दिखाई देने लगा है। प्रभात फेरियों के माध्यम से श्रद्धालु गुरु साहिब के चरणों में अपनी हाजिरी लगा रहे हैं। आने वाले प्रकाश पर्व को लेकर संगत में विशेष उत्साह है और पूरा शहर इन दिनों गुरु नानक देव जी की भक्ति और गुरबाणी के रंग में रंगा नजर आ रहा है।