दो सप्ताह में इन्वर्टर लगाने का वादा दो महीने बाद भी अधूरा, बिजली गुल होते ही वार्डों में छा जाता है अंधेरा
राजू अनेजा,काशीपुर। सरकारी अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं पर व्यंग्य करना हो तो यहां के हालात ही काफी हैं। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावे करने वाले अस्पताल में बिजली गुल होते ही मोबाइल फोन की टॉर्च इलाज का सहारा बन रही है। हालात ऐसे हैं कि अस्पताल के वार्डों में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने पर स्वास्थ्यकर्मियों को मोबाइल की रोशनी में मरीजों का उपचार करना पड़ रहा है।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में बिजली जाने पर अंधेरा छा जाना कोई नई बात नहीं है। करीब दो महीने पहले भी अस्पताल में बिजली गुल होने पर मोमबत्ती की रोशनी में मरीजों का उपचार किए जाने का मामला सामने आया था। उस समय अस्पताल प्रशासन की ओर से दो सप्ताह के भीतर सभी कक्षों को इन्वर्टर की सुविधा से जोड़ने का भरोसा दिया गया था। लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी।
अब अस्पताल में मोमबत्ती की जगह मोबाइल फोन की टॉर्च ने ले ली है। बिजली जाते ही मोबाइल की रोशनी में मरीजों को इंजेक्शन लगाने और अन्य उपचार संबंधी कार्य करने पड़ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सरकारी अस्पताल में बिजली का वैकल्पिक इंतजाम तक क्यों नहीं है?
दो सप्ताह का वादा, दो महीने बाद भी इंतजार
अस्पताल में बिजली की समस्या सामने आने के बाद इन्वर्टर लगाने का आश्वासन दिया गया था। मरीजों को उम्मीद थी कि अब उन्हें अंधेरे में उपचार कराने की मजबूरी से निजात मिलेगी, लेकिन दो महीने बाद भी हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अस्पताल प्रशासन के आश्वासन और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर अब मरीजों को परेशान कर रहा है।
एक सप्ताह में बैटरी बदलने का दावा
इस संबंध में सीएमएस चंद्रा पंत का कहना है कि अस्पताल की ओपीडी और वार्डों में लगे इन्वर्टर की बैटरियां बदली जानी हैं। एक सप्ताह के भीतर बैटरियां बदल दी जाएंगी, जिससे बिजली जाने पर मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सवाल यह है कि मरीजों को मोबाइल की टॉर्च में इलाज कराने से कब राहत मिलेगी? सरकारी अस्पताल में जहां मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां रोशनी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि एक सप्ताह में बैटरियां बदलने का नया आश्वासन कितना पूरा होता है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


