काशीपुर: रेलवे माल गोदाम बना लुटेरों का अड्डा ! गर्जिया मंदिर से लौट रहे युवक को पीटा, मोबाइल और नकदी लूटी — परिजनों ने एक आरोपी दबोचा

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा, काशीपुर। शहर का रेलवे माल गोदाम क्षेत्र अब बदमाशों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। यहां आए दिन लूट, चोरी और छीना-झपटी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। ताजा वारदात में रामनगर स्थित गर्जिया मंदिर से लौट रहे युवक को तीन बदमाशों ने घेरकर बेरहमी से पीटा और मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो गए।

मानपुर रोड स्थित बिजलीघर के पास रहने वाले जतिन कुमार, एगरोन कंपनी में चालक मनोज कुमार के पुत्र हैं। रविवार को वह रामनगर के गर्जिया मंदिर दर्शन करने गए थे। देर शाम ट्रेन से काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद वह माल गोदाम की तरफ से रेल पटरी के रास्ते घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि प्रिया मॉल के पास पटरी किनारे जैसे ही वह लघुशंका के लिए रुके, तभी तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर उनका मोबाइल फोन तथा करीब पांच हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए।
घायल हालत में किसी तरह वहां से निकले जतिन ने दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से अपने परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही उनके पिता और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान भाग रहे एक युवक को देखकर उन्होंने उसका पीछा किया और पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे माल गोदाम क्षेत्र लंबे समय से अपराधियों की पनाहगाह बना हुआ है। अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण यहां अक्सर राहगीरों को निशाना बनाया जाता है, लेकिन पुलिस गश्त के अभाव में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

यह भी पढ़ें 👉  ठेला संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम, पुलिस को 'विषाक्त' सेवन का शक

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें