काशीपुर: यूपी पुलिस के कांस्टेबल की पत्नी और दो मासूम बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला; दिल्ली के मैक्स अस्पताल में चल रहा तीनों का उपचार, पुलिस ने मुरादाबाद निवासी आरोपित को दबोचा

खबर शेयर करें -
काशीपुर (ऊधमसिंह नगर)। काशीपुर से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल की पत्नी और उसके दो मासूम बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला किया गया। इस खौफनाक हमले में महिला और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों का दिल्ली स्थित मैक्स हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है और आरोपित संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

स्टेशन पहुंचते ही पत्नी ने दी हमले की सूचना, घर के गेट पर बिखरा मिला खून

प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशीपुर निवासी सचिन कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे जब सचिन बरेली से ट्रेन के माध्यम से काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तभी उनकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने बदहवास हालत में बताया कि संजय नाम के व्यक्ति ने उन पर और बच्चों पर हमला कर दिया है, जिसके तुरंत बाद फोन संपर्क टूट गया।
घबराए हुए सचिन जब तत्काल अपने घर पहुंचे, तो मुख्य गेट के बाहर चारों ओर खून बिखरा हुआ देख उनके होश उड़ गए। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनकी घायल पत्नी और दोनों बच्चों को एक व्यक्ति कार में बैठाकर अस्पताल ले गया है।

पैसों के लेन-देन और लिव-इन के विवाद में की वारदात, फॉरेंसिक व सीसीटीवी से मिला सुराग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता से तफ्तीश शुरू कर दी। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम से बारीकी से निरीक्षण कराया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुरादाबाद जिले के डिलारी क्षेत्र निवासी आरोपित संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसकी कांस्टेबल सचिन कुमार से पुरानी जान-पहचान थी और दोनों के बीच पैसों का लेन-देन भी होता था। इसके अतिरिक्त, लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र बनवाने और महिला के साथ रहने को लेकर भी विवाद चल रहा था। एसपी स्वप्न किशोर सिंह के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपित महिला के घर पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने कथित तौर पर खुखरी से महिला और दोनों बच्चों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

खुद ही घायलों को अस्पताल ले गया था आरोपित, खुखरी व कार बरामद

चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित स्वयं ही घायलों को अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचा था। पुलिस ने आरोपित संजय कुमार की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त खुखरी, घटना में इस्तेमाल की गई कार तथा पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं पुलिस मामले से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें 👉  तुलसी मैया को ब्याहने निकले भगवान शालिग्राम, ढोल-नगाड़ों की गूंज से भक्तिमय हुआ काशीपुर; जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ शाही बारात का स्वागत
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा: कसार देवी स्थित होमस्टे में दिल्ली के 39 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; सुबह कमरे में मिला शव, बीमारी के चलते जान जाने की आशंका, पुलिस ने कमरा किया सील