झनकट के ब्रिलियंस वर्ल्ड एकेडमी में धूमधाम से मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी: नन्हे राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने बांधी समां
झनकट (उत्तराखंड)। झनकट स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ‘ब्रिलियंस वर्ल्ड एकेडमी’ में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर भगवान कृष्ण के भक्तिमय भजनों और नन्हे-मुन्ने बच्चों की सुंदर प्रस्तुतियों से गुंजायमान रहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने मोहा मन, साक्षात गोकुलधाम जैसा बना माहौल
समारोह में नर्सरी से लेकर दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राथमिक कक्षाओं के छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्री कृष्ण और राधा जी के मनमोहक परिधानों में सज-धजकर पहुंचे, जिससे विद्यालय परिसर में गोकुल जैसा दृश्य जीवंत हो उठा। नन्हे कलाकारों ने ‘वो किसना है’ और ‘यशोमती मैया से बोले नंदलाला’ जैसे भजनों पर सुंदर नृत्य और गायन प्रस्तुत कर सभी दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने उतारी आरती, दिया अनुशासन का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक सरदार दीवान सिंह नामधारी और प्रधानाचार्य सरदार देवेंद्रजीत सिंह नामधारी ने राधा-कृष्ण बने बच्चों की आरती उतारकर उन्हें आशीर्वाद दिया। प्रबंधक सरदार दीवान सिंह नामधारी ने श्री कृष्ण के जीवन दर्शन और अधर्म पर धर्म की जीत के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, प्रधानाचार्य सरदार देवेंद्रजीत सिंह नामधारी ने बच्चों को भगवान कृष्ण के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने, अनुशासित रहने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। समारोह के समापन पर सभी विद्यार्थियों और अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया।



