घर में सो रही 88 वर्षीय वृद्धा पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में रेफर

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा/भिकियासैंण। अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गुमटी के फूलाई गांव में देर रात एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहाँ घर में घुसे एक तेंदुए ने सो रही 88 वर्षीय वृद्धा पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की गुहार लगाई है।
रात तीन बजे घर में घुसा तेंदुआ, बहू के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने भगाया
ग्राम प्रधान अमन बिष्ट ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गांव निवासी परुली देवी (88 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय आन सिंह बुधवार रात करीब तीन बजे अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक हिंसक तेंदुआ घर के भीतर दाखिल हुआ और वृद्धा पर हमला कर दिया। तेंदुए ने उनके सिर और हाथों पर पंजों से वार कर उन्हें बुरी तरह लहुलुहान कर दिया।
वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर पास के कमरे में सो रही उनकी बहू की नींद खुली। अंदर का खौफनाक मंजर देखकर उसने तुरंत ग्रामीणों को आवाज दी। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और मशक्कत के बाद तेंदुए को मौके से खदेड़ा।
भिकियासैंण में प्राथमिक उपचार के बाद रामनगर रेफर
घटना के तुरंत बाद ग्रामीण घायल वृद्धा को उपचार के लिए भिकियासैंण अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रामनगर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, सही समय पर इलाज मिलने से फिलहाल वृद्धा की स्थिति खतरे से बाहर बनी हुई है।
वन विभाग ने शुरू की गश्त, जल्द लगेगा पिंजरा
जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी ने बताया, “घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और घायल वृद्धा का हाल-चाल जाना। वनकर्मियों की टीम के साथ प्रभावित गांव और आसपास के इलाकों में गश्त शुरू कर दी गई है। तेंदुए की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाकर उसे नियंत्रित किया जाएगा।”
बाड़ेछीना के छानी गांव में भी गुलदार का आतंक
उल्लेखनीय है कि जिले में हिंसक वन्यजीवों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते दिनों बाड़ेछीना क्षेत्र के छानी गांव में भी एक गुलदार ने दीवान सिंह नामक ग्रामीण पर उस समय घात लगाकर हमला कर दिया था, जब वह घर से दुकान की ओर जा रहे थे। इस हमले में दीवान सिंह के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल अल्मोड़ा में भर्ती कराया गया था। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  बछड़े को बचाते समय बड़ा हादसा: नहर के तेज बहाव में बहने से महिला की मौत, 5 किलोमीटर दूर मिला शव