काशीपुर में ‘फर्जी बैंक’ के नाम पर महाठगी: भोले-भाले लोगों को लगाई 80 लाख की चपत, पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी; पीड़ितों ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। शहर में ठगी का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त “बैंक कंपनी” का संचालक बताकर लोगों को अपने झांसे में लिया और करीब 80 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। अब जब पीड़ित अपने पैसे वापस मांग रहे हैं तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
पीड़ितों द्वारा कोतवाली काशीपुर में दी गई तहरीर के अनुसार, वर्ष 2023 में उनकी पहचान सचिन शर्मा नाम के युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित बैंक कंपनी का मालिक बताते हुए दावा किया कि उसकी कंपनी को केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त है और वह कमेटी (चिटफंड) के माध्यम से निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाता है। आरोपी ने अपने साथ अनुभवी टीम होने और लगातार लाभ मिलने का भरोसा भी दिलाया।
आरोपी की बातों में आकर आर्थनगर निवासी गौरव अरोरा, बघेलेवाला निवासी भूप सिंह, टांडा उज्जैन निवासी विनोद अरोरा और कटरामालियान निवासी शिवम अरोरा समेत कई लोगों ने अलग-अलग समय पर लाखों रुपये निवेश कर दिए।
गौरव अरोरा ने करीब 1.70 लाख रुपये, भूप सिंह ने 7.50 लाख रुपये, विनोद अरोरा ने 5.50 लाख रुपये और शिवम अरोरा ने खुद व अपने परिजनों से उधार लेकर करीब 78.46 लाख रुपये आरोपी को सौंप दिए।
काफी समय बीतने के बाद जब न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस हुआ, तो पीड़ितों को शक हुआ। जांच-पड़ताल में सामने आया कि आरोपी के पास किसी भी प्रकार की कोई बैंक कंपनी नहीं है और पूरा मामला फर्जीवाड़े का है। इसके बाद जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़ितों का कहना है कि वे लगातार अपने पैसे के लिए आरोपी के चक्कर काटते रहे, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। अब आर्थिक रूप से टूट चुके पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली है और आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  बुद्ध पूर्णिमा स्नान के लिए पुलिस मुस्तैद; मेला क्षेत्र 8 जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित, यातायात प्लान लागू

 

पहले भी रह चुका है विवादों में

पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी सचिन शर्मा पहले भी कमेटी के पैसे लेकर फरार होने के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर है। इसके बावजूद उसने दोबारा लोगों को निशाना बनाकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्रवाई पर टिकी उम्मीदें

 

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : खनिज रॉयल्टी दरों में वृद्धि और एसिड अटैक पीड़ितों को मिलेगी मुफ्त विधिक सहायता

इतनी बड़ी ठगी के खुलासे के बाद अब सभी की नजर काशीपुर पुलिस की कार्रवाई पर है। पीड़ितों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर उनके पैसे वापस दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  शादी में नेग की राशि पर मची 'महाभारत', रणभूमि बन गया पूरा गांव, एक-दूसरे पर टूट पड़े लोग और जमकर चले लाठी-भाटा

 

 

पुलिस ने दिलाया न्याय का भरोसा

 

वरिष्ठ पुलिस उप निरीक्षक नवीन बुधानी ने पीड़ितों की शिकायत सुनने के बाद बताया कि आरोपी पूर्व मे भी कमेटी के मामले में जेल जा चुका है और अब उस पर फर्जी बैंक के नाम से ठगी करने का बड़ा  मामला सामने आया है जिसकी तहरीर के अनुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है  उन्होंने पीड़ितों को अतिशीघ्र न्याय का भरोसा दिलाया।