लालकुआं: बिंदुखत्ता में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर बड़ी चोरी; परिजनों को कमरों में बंद कर 35 लाख से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर, क्षेत्र में दहशत

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता क्षेत्र के सुभाष नगर स्थित दवाई फार्म में अज्ञात चोरों ने बीती रात एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर धावा बोलकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से पहले घर में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कीं और फिर इत्मीनान से जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़कर 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए। इस बड़ी वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप और दहशत का माहौल है।

कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर तोड़ा ताला, बेटों के फोन करने पर खुला मामला

शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त गोधन सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की यह वारदात बीती रात करीब 12 से 2 बजे के बीच अंजाम दी गई। घर में उनकी पत्नी और तीनों बहुओं के सभी आभूषण एक ही कमरे में रखे हुए थे। घर में दाखिल हुए चोरों ने सबसे पहले परिवार के सदस्यों को कमरों के भीतर कैद करने के इरादे से दरवाजों की कुंडियां बाहर से लगा दीं। इसके बाद किसी धारदार औजार से जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स खंगाल डाले और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
पीड़ित गोधन सिंह बिष्ट के अनुसार, रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने उन्हें फोन कर अपने कमरों के दरवाजे बाहर से बंद होने की सूचना दी। जब उन्होंने ऊपर जाकर कमरों की कुंडियां खोलीं, तो घर में चोरी होने की आशंका हुई। जांच करने पर जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा मिला और बक्सों में रखे सभी जेवरात गायब थे।

25 तोला सोना और चांदी के जेवर पार, एक हफ्ते में दूसरी घटना से आक्रोश

चोरी गए सामान में करीब 25 तोला सोने के आभूषण—जिनमें झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली शामिल हैं—चोर ले उड़े। इसके अलावा करीब चार तोला चांदी की चार पायल, तीन लोगों के कंगन, दो बिछुए और एक अंगूठी भी गायब है। वरिष्ठ समाजसेवी हर्ष बिष्ट के मुताबिक, चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
उल्लेखनीय है कि सुभाष नगर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक सप्ताह पूर्व भी क्षेत्र के धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था, हालांकि सतर्कता के चलते वे सफल नहीं हो पाए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।

पुलिस ने शुरू की जांच, गश्त बढ़ाने और शीघ्र खुलासे की मांग

घटना की सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के संदिग्धों का पता लगाने के साथ ही चोरी के शीघ्र खुलासे में जुट गई है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने इस वारदात पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर में मिलावट के खेल की खबर से टूटी खाद्य विभाग की नींद! डेयरियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, मावा-पनीर के पांच सैंपल भरे
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर में नहीं थम रहा मिलावटी खोये-पनीर का कारोबार! खाद्य विभाग की निगरानी पर उठे सवाल, प्रशासन की चुप्पी से जनता की सेहत खतरे में!