बदरीनाथ में ‘चमत्कार’: 5 साल पहले लापता बेटा मिला जीवित; पुलिस ने बाल कटवाए, नए कपड़े दिलाए और चंदा जुटाकर भेजा घर

खबर शेयर करें -

बदरीनाथ/गोपेश्वर (30 अप्रैल 2026): कहते हैं कि बदरी विशाल के दर से कोई खाली हाथ नहीं लौटता। राजस्थान का एक परिवार, जो पांच साल पहले अपने बेटे को खो चुका था, आज उसे दोबारा पाकर फूट-फूट कर रो पड़ा। इस पुनर्मिलन की पटकथा बदरीनाथ पुलिस ने लिखी, जिन्होंने न केवल एक युवक की जान बचाई, बल्कि मानवता की एक बेमिसाल मिसाल पेश की।

बर्फीली पहाड़ियों की ओर बढ़ रहे थे ‘गुमनाम’ कदम

घटना की शुरुआत तब हुई जब माणा गांव के पास पुलिस को सूचना मिली कि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति पहाड़ियों के खतरनाक रास्तों की ओर अकेला बढ़ रहा है। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस उसे सुरक्षित थाने ले आई। वह युवक अपनी पहचान बताने में असमर्थ था।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए नैनीताल जिले के 8 खिलाड़ियों का शानदार चयन; स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ट्रायल्स में मनवाया प्रतिभा का लोहा, खेल प्रेमियों में खुशी की लहर

मनोवैज्ञानिक तरीके से खुला ‘राजस्थान’ का राज

बदरीनाथ पुलिस और अभिसूचना इकाई की टीम ने धैर्य नहीं खोया। मनोवैज्ञानिक तरीके से बातचीत के दौरान युवक के मुंह से ‘राजस्थान’ शब्द निकला। पुलिस ने तुरंत राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए उसके परिजनों का सुराग ढूंढ निकाला। जब परिजनों को फोन गया, तो उन्हें अपनी कानों पर यकीन नहीं हुआ कि जिस बेटे का उन्होंने तर्पण तक मान लिया था, वह जीवित है।

पुलिसकर्मियों ने संवारा युवक का हुलिया

परिजनों के पहुँचने से पहले बदरीनाथ पुलिस के जवानों ने जो किया, उसने सबका दिल जीत लिया:

  • सेवा: पुलिसकर्मियों ने खुद युवक को नहलाया, उसके बाल और दाढ़ी कटवाकर उसे नया रूप दिया।

  • निजी खर्च: जवानों ने अपनी जेब से पैसे खर्च कर उसके लिए नए कपड़े खरीदे और उसका मेडिकल चेकअप करवाया।

  • दर्शन: घर भेजने से पहले पुलिस उसे श्रद्धापूर्वक भगवान बद्री विशाल के गर्भगृह ले गई और विशेष दर्शन करवाए।

यह भी पढ़ें 👉  काशी की तर्ज पर 21 हजार से अधिक दीयों की रोशनी से जगमगाई धर्मनगरी; हरकी पैड़ी पर विशेष गंगा आरती, लेजर शो और हरित आतिशबाजी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन, आज कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब

भावुक मिलन: ₹5,000 उधार लेकर पहुंचे थे माता-पिता

जब राजस्थान से बूढ़े माता-पिता बदरीनाथ पहुँचे, तो थाने का माहौल गमगीन हो गया। बेटे को सीने से लगाकर माता-पिता बेसुध हो गए। बातचीत में पता चला कि परिवार बेहद गरीब है और बेटे को लेने आने के लिए भी उन्होंने 5,000 रुपये उधार मांगे थे, जो यहाँ पहुँचने तक खत्म हो गए थे। उनके पास वापस जाने तक का किराया नहीं बचा था।

यह भी पढ़ें 👉  कारोबारी रिश्ते में भरोसे का कत्ल! पार्टनर पर 8 करोड़ की धोखाधड़ी, 1.700 किलो सोना हड़पने और AI वीडियो से बदनाम करने की धमकी देने के आरोप

थानाध्यक्ष ने पेश की मानवता की मिसाल

परिजनों की बेबसी देख थानाध्यक्ष बदरीनाथ नवनीत भंडारी ने तत्परता दिखाई। उन्होंने पुलिस टीम के आपसी सहयोग और एक ट्रस्ट की मदद से तत्काल धनराशि एकत्रित की। पुलिस ने न केवल किराया दिया, बल्कि सम्मान के साथ परिवार को राजस्थान के लिए विदा किया।