विकास कार्यों पर कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं : विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट
दिसंबर तक नहर कवरिंग समेत अधिकांश काम पूरे करने के निर्देश, बिंदुखत्ता विद्युतीकरण में तेजी लाने को कहा; गौला कटाव, जलभराव और नहर निर्माण पर भी सख्ती

लालकुआं। विकास कार्यों में देरी और लापरवाही को लेकर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि दिसंबर तक अधिकांश विकास कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं और शेष कार्य जनवरी तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे नहर कवरिंग, विद्युतीकरण, सिंचाई, सड़क, बाढ़ सुरक्षा और अन्य निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति जानी और जहां काम की रफ्तार धीमी मिली, वहां तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें और तकनीकी अथवा प्रशासनिक अड़चन सामने आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए।
नहर कवरिंग से सड़क चौड़ीकरण को मिलेगी नई राह
नहर कवरिंग कार्य को लेकर विधायक ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने तीनपानी से मोतीनगर तथा लालकुआं बंगाली कॉलोनी में भोला मंदिर जाल से स्लीपर फैक्ट्री तक नहर को कवर कर उसकी ऊंचाई सड़क के स्तर तक रखने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे नहर के ऊपर की जगह का उपयोग करते हुए सड़क को चौड़ा करने में मदद मिलेगी।
वहीं गुमटी लालकुआं से तीनपानी तक नहर निर्माण का कार्य भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि नहर से जुड़े कार्यों में देरी से क्षेत्र की सिंचाई और यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
गौला कटाव पर भी सख्ती, सुरक्षा कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश
गौला नदी किनारे भूकटाव की समस्या को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्यों को पुनः शुरू करने को कहा। साथ ही काठगोदाम के पास क्षतिग्रस्त गौलापार समानांतर नहर के निर्माण कार्य को भी शीघ्र शुरू कर पूरा करने के निर्देश दिए।
मोटाहल्दू जलभराव और पुलिया की समस्या का होगा समाधान
मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास जलभराव की समस्या पर विधायक ने अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं मोटाहल्दू में जमरानी नहर पर डाली गई पुलिया से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का भी संज्ञान लिया गया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में लोगों को परेशानी न हो।
बिंदुखत्ता विद्युतीकरण में तेजी, जनता से जुड़े कामों को प्राथमिकता
बिंदुखत्ता में चल रहे विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
विधायक ने अधिकारियों को निर्माणाधीन योजनाओं की नियमित निगरानी और स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम की रफ्तार के साथ गुणवत्ता से भी कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जाएगी और तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
बैठक में उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, जमरानी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विनोद भंडारी, वीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता महेश कुमार खरे, यूपीसीएल के नीरज आर्य और एसडीओ सौरभ जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, जिला कार्यकारिणी सदस्य हरीश नैनवाल, विक्की पाठक, अभिषेक, धीरज भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

